रविवार, 23 अगस्त 2026
लॉगिन
क्राइम

दिल्ली पुलिस के 'ऑपरेशन गैंग बस्ट' में 854 गिरफ्तार, 280 गैंगस्टर शामिल

48 घंटे तक चले इस अभियान में छह राज्यों की पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की, जिसमें हथियार, नशीले पदार्थ और नकदी भी बरामद हुई।

विद्रोही आनंद डेस्क

दिल्ली पुलिस के नेतृत्व में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश की पुलिस ने मिलकर 9 जनवरी की रात 8 बजे से 11 जनवरी रात 8 बजे तक 48 घंटे का संयुक्त अभियान 'ऑपरेशन गैंग बस्ट 2026' चलाया।

इस अभियान में करीब 9,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान 280 गैंगस्टरों सहित कुल 854 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 6,400 से अधिक संदिग्धों को पूछताछ और सत्यापन के लिए हिरासत में लिया गया।

गिरफ्तार किए गए लोगों में हत्या, हत्या के प्रयास, जबरन वसूली, लूट और शस्त्र अधिनियम से जुड़े मामलों के कई फरार और आदतन अपराधी भी शामिल थे। अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 690 प्राथमिकी दर्ज कीं।

पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में हथियार, गोला-बारूद, करीब 117 किलोग्राम नशीले पदार्थ, मन:प्रभावी पदार्थ, अवैध शराब, कई वाहन और 25.75 लाख रुपये से अधिक नकदी भी जब्त की गई।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह वर्ष 2026 का पहला बड़ा गैंगस्टर विरोधी अभियान था, जिसका मकसद संगठित अपराध नेटवर्क पर लगाम लगाना और नए साल की शुरुआत में ही अपराधियों के हौसले पस्त करना बताया गया।

पुलिस ने कहा है कि विभिन्न राज्यों की पुलिस के बीच समन्वय से चलाए गए इस तरह के अभियान आगे भी नियमित अंतराल पर जारी रखे जाएंगे, ताकि अंतरराज्यीय अपराध नेटवर्क को समय रहते तोड़ा जा सके।

शेयर करें:WhatsAppXInstagram Stories

क्राइम से संबंधित